September 30, 2024

कुत्तों का आतंक : पार्क में खेल रहे 10 वर्षीय बच्चे को कुत्ते ने काटा, लगे 150 टांके

New Delhi/Alive News : गाजियाबाद में पिटबुल कुत्तों के आतंक से लोग परेशान है। राजनगर एक्सटेंशन के महज दो तीन दिन बाद अब संजय नगर सेक्टर 23 में कुत्ते ने फिर एक 10 वर्षीय बच्चे को अपना शिकार बनाया है। मिली जानकारी के अनुसार ए ब्लॉक निवासी सचिन त्यागी के 10 वर्षीय बच्चे को पिटबुल ने काट लिया। बच्चा पार्क में खेल रहा था। तभी यह घटना घटित हुई। बच्चे को इलाज के लिए सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों के बच्चे की सर्जरी करनी पड़ी तब जाकर बच्चे की जान बची। सचिन ने बताया बच्चे को डेढ़ सौ टांके लगे हैं। उसने इस घटना की शिकायत डॉयल 112 नबर पर पुलिस को दे दी है।

वृहस्पतिवार को वीडियो वायरल होने के बाद नगर निगम की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने जब जांच शुरू की तो पता चला कि कुत्ते का रजिस्ट्रेशन नहीं कराया गया है। इस पर कुत्ता मालिक ललित त्यागी पर पांच हजार का जुर्माना लगाया गया है। सचिन का कहना है कि बच्चे के इलाज में करीब सवा लाख रुपये खर्च हुए हैं।

बता दें, कि इससे पहले राजनगर एक्सटेंशन की चार्म्स कैसल सोसाइटी की लिफ्ट में एक महिला अपने पालतू कुत्ते को ले जा रही थी। इसी बीच कुत्ते ने लिफ्ट में मौजूद एक बच्चे को काट लिया। महिला दर्द से कराहते बच्चे को संभालने या पूछने के बजाय लिफ्ट में चुपचाप खड़ी रही। महिला का दिल नहीं पसीजा। बच्चे के पिता ने महिला के खिलाफ तहरीर दी थी। जिसके बाद गाजियाबाद पुलिस ने महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।