April 28, 2024

जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने किया आंचल-छाया वात्सल्य मंदिर का दौरा

Palwal/Alive News :  जिला एवं सत्र न्यायधीश व जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की अध्यक्ष मनीषा बत्रा ने अनाथ बच्चों के उत्थान एवं कल्याण को समर्पित संस्था आंचल-छाया वात्सल्य मंदिर का दौरा किया। उनके साथ मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी एवं जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव मोना सिंह भी थी।

बघौला गांव स्थित आंचल-छाया वात्सल्य मंदिर के दौरे के दौरान जिला एवं सत्र न्यायधीश ने संस्था में बच्चों के रहने, भोजन व्यवस्था, पेयजलापूर्ति, साफ-सफाई व स्वच्छता, विद्युतापूर्ति तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया। दौरे के दौरान जिला एवं सत्र न्यायधीश ने आंचल-छाया में रह रहे बच्चों से बातचीत की।

भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां(सोनीपत)में कानून की शिक्षा प्राप्त कर रही आंचल-छाया संस्था की छात्रा कंचन से भी जिला एवं सत्र न्यायधीश ने संस्था में अपने दौरे के दौरान बातचीत की और कंचन को अपनी कानून की पढ़ाई परिश्रम एवं लग्र से करने के लिए प्रेरित किया। उल्लेखनीय है कि आंचल-छाया की कंचन को कानून के स्नातक डिग्री कोर्स में प्रवेश लेने के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव मोना सिंह ने उसे प्रेरित व उसे कुशल मार्गदर्शन भी दिया था।