March 7, 2026

लगातार बारिश में जिला प्रशासन अलर्ट, निगम आयुक्त ने जलभराव और सफाई व्यवस्था का लिया जायजा

Faridabad/Alive News: लगातार बारिश के बीच जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। आम लोगों को परेशानी से बचाने के लिए नगर निगम, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, एफएमडीए और नेशनल हाईवे अथॉरिटी की संयुक्त टीम ने सोमवार को शहर के अलग-अलग क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण फरीदाबाद की प्रशासक अनुपमा अंजली ने सेक्टर-28 मेट्रो स्टेशन के पास पिलर नंबर 630 के पास जलभराव की गंभीर स्थिति देखी और अधिकारियों को तुरंत पानी निकासी और स्थायी समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्ट्रॉम वाटर लाइन की सफाई करने और आसपास के इलाकों की विशेष सफाई करवाने के आदेश भी दिए, ताकि मेट्रो पिलर को नुकसान न हो।

आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि बारिश में जलभराव की समस्या से लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। नेशनल हाईवे और अन्य मुख्य सड़कों पर जहां-जहां पानी भर रहा है, वहां तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए ताकि यातायात और स्थानीय लोगों को दिक्कत न हो।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर चल रहे 11 सप्ताह के “हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान” की प्रगति भी देखी। उन्होंने सफाई कर्मियों को बारिश के मौसम में नालों और जल निकासी की नियमित सफाई करने के निर्देश दिए और नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

निरीक्षण में नगर निगम, नेशनल हाईवे, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण और एफएमडीए के अधिकारी मौजूद रहे।