Delhi/Alive News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज हरियाणा के जुलाना निर्वाचन क्षेत्र पहुंची, जहां उन्होंने एक विशेष पौधारोपण अभियान में हिस्सा लिया। इसके बाद वह अपने पैतृक गांव नंदगढ़ पहुंचीं।
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने सीएम बनने के बाद पहली बार अपने पैतृक गांव नंदगढ़ में जन्मदिन मनाया। गांव में 49 साल बाद आई रेखा गुप्ता का जन्मदिन ही नहीं मनाया गया। बल्कि भाइयों ने स्नेह के तौर पर कोथली भी दी। इसमें हरियाणा के सीएम व जिले के सभी विधायकों ने सावन माह में अपनी बहन का केक काटकर जन्मदिन मनाया। मंच से रेखा गुप्ता ने कहा कि दोनों प्रदेशों में भाई बहन की जोड़ी विकास का धुआं उठाएगी।
इसमें सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि रेखा गुप्ता का पूरा जीवन राष्ट्र को समर्पित रहा है। उन्होंने संगठन के साथ रहकर देशहित में काम किया है। सैनी ने आगे कहा कि आज सीएम के पदों पर भी साधारण परिवार के लोगों को सेवा करने का अवसर दिया जा रहा है। मुझे खुशी है कि दिल्ली की सीएम एक साधारण परिवार से आती हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अग्रवाल भवन ओर नंदी कामधेनू गोशाला के लिए 31 लाख रुपये देने का एलान किया।
रेखा गुप्ता को मंच से देखने के लिए ग्रामीण व आसपास के लोगों में जोश था इसलिए उन्होंने भाषण शुरू करने से पहले ही सुरक्षाकर्मियों को मंच से एक तरफ हटने के निर्देश दिए, ताकि लोगों के मध्य सुरक्षा कर्मी बाधा नहीं बने। रेखा गुप्ता ने नायब सैनी को साधारण परिवार से बताते हुए कहा कि भाजपा ही ऐसा संगठन है। जहां पर हर किसी को उच्च पदों पर काम करने का अवसर मिलता है।

