March 7, 2026

राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर राज्यपाल से मिले दिग्विजय चौटाला

Chandigarh/Alive News: हरियाणा में युवाओं की आवाज बनकर काम कर रहे जेजेपी युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला अब राजस्थान के युवाओं के मुद्दों को भी उठाने लगे हैं।

शनिवार को दिग्विजय चौटाला एक प्रतिनिधिमंडल के साथ जयपुर पहुंचे और राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे से मुलाकात की। उन्होंने राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपकर दो साल से बंद पड़े छात्रसंघ चुनावों को दोबारा शुरू करने की मांग की।

दिग्विजय ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव रुकना युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। चुनाव से छात्रों को नेतृत्व का मौका मिलता है और देश को जागरूक नेता भी मिलते हैं। उन्होंने कहा कि अगर शिक्षक और कर्मचारियों के चुनाव शांतिपूर्वक हो सकते हैं, तो छात्रों के चुनाव पर सुरक्षा का बहाना देना ठीक नहीं है।

उन्होंने यह भी बताया कि छात्रों से लगातार छात्रसंघ शुल्क लिया जा रहा है, जबकि चुनाव कराए ही नहीं जा रहे। यह छात्रों के साथ अन्याय है।

इस मौके पर जेजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय चोपड़ा और वरिष्ठ नेता सुरेश चौधरी भी मौजूद थे।