March 8, 2026

प्रशांत किशोर के जनसूरज को नोटा से भी कम वोट? ईसीआई की वेबसाइट पर नहीं दिख रहा मतदान प्रतिशत

Bihar/Alive News: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आने लगे हैं। मतगणना शुरू होने के साढ़े तीन घंटे बाद तक प्रशांत किशोर की पार्टी- जनसुराज का मतदान प्रतिशत सामने नहीं आया है। 200 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ रही पीके की पार्टी को कितना वोट मिला, ये सवाल इसलिए भी हो गया है क्योंकि, मतदान प्रतिशत के आंकड़े में NOTA दिख रहा है। फिलहाल माना जा रहा है कि बिहार की 200 से अधिक विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही एकमात्र पार्टी जनसुराज को आयोग का आंकड़ा ‘अन्य दलों’ की श्रेणी में दिखा रहा है।

दरअसल, विधानसभा चुनाव परिणाम की आधिकारिक घोषणा से पहले करीब चार घंटे की मतगणना पूरी हो जाने के बाद भी जनसुराज का मतदान प्रतिशत सामने नहीं आया है। NOTA यानी किसी भी प्रत्याशी को पसंद नहीं करने की सूरत में डाला जाने वाला वोट का प्रतिशत 1.87 रहा। आयोग की वेबसाइट पर जनसुराज तो नहीं दिख रहा, लगभग सबसे कम महज 0.32 फीसदी वोट पाने वाली आम आदमी पार्टी (AAAP) के आंकड़े दिख रहे हैं।

अन्य दलों के वोट शेयर की बात करें तो भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है। चौंकाने वाली बात ये भी है कि मतदान प्रतिशत के मामले में तेजस्वी की पार्टी- राष्ट्रीय जनता दल (RJD) चार घंटे की काउंटिंग के बाद सबसे आगे है। राजद को 23 फीसदी से अधिक वोट मिले हैं।

मतगणना के करीब चार घंटे बीतने के बाद एक और चौंकाने वाली बात सामने आई जब सत्ताधारी गठबंधन में शामिल भाजपा को करीब 22.60 फीसदी वोट मिले, लेकिन सीटों के मामले में पार्टी सबसे आगे रही। तीसरे नंबर पर जदयू है, जिसे 18.54 फीसदी वोट मिले हैं। चौथे नंबर पर विपक्षी खेमे की पार्टी- कांग्रेस है। इस दल के 60 से अधिक प्रत्याशियों को 8 फीसदी से अधिक वोट मिले हैं। पांचवें नंबर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत रामविलास पासवान के बेटे और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी है। चिराग के दल- लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 5.46 फीसदी वोट मिले हैं।