Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ में विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री पंडित मूलचंद शर्मा ने अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। इस बैठक में शहर में चल रहे विकास कार्यों और आने वाली योजनाओं पर चर्चा की गई।
बैठक में नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा, एसडीएम मयंक भारद्वाज और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
विधायक मूलचंद शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पार्षदों के वार्ड में 2-2 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का एस्टीमेट जल्द तैयार किया जाए, ताकि काम समय पर शुरू हो सके। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने पर भी जोर दिया और कहा कि बारिश से पहले सीवरेज और नालों की अच्छी तरह सफाई की जाए, ताकि लोगों को परेशानी न हो।
विधायक ने यह भी कहा कि शहर में जहां-जहां सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे हैं, उन्हें चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाए और वहां विकास कार्य शुरू किए जाएं।
नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने भी अधिकारियों को चेतावनी दी कि अगर किसी ने एस्टीमेट बनाने में देरी की या काम की गुणवत्ता में कमी पाई गई, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कई पार्षद और स्थानीय प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

