August 28, 2026

हत्या के प्रयास मामले में 10वां आरोपी गिरफ्तार, कुल्हाड़ी से किया गया था हमला

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में हत्या के प्रयास के एक मामले में अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने 10वें आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जाहिर, निवासी बड़खल के रूप में हुई है।

यह मामला 31 अक्टूबर 2025 का है, जब गांव बड़खल में झगड़े के दौरान एक व्यक्ति पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया था। इस संबंध में 1 नवंबर 2025 को थाना सूरजकुंड में केस दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार, बड़खल निवासी इरफान ने शिकायत दी थी कि उसके चाचा के बेटे मोसिम का तौफिक के साथ झगड़ा हो गया था। इसके बाद तौफिक अपने परिवार के लोगों के साथ मौके पर पहुंचा और सभी ने मिलकर मोसिम के साथ मारपीट की।

इस दौरान खालिद ने डंडे से हमला किया। जब रिजवान बीच-बचाव करने आया, तो उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

जांच में सामने आया कि यह हमला आपसी रंजिश के कारण किया गया था। गिरफ्तार आरोपी जाहिर, तौफिक का दोस्त है और उसने भी इस झगड़े में हिस्सा लिया था।

पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। इस मामले में पहले ही 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।