March 8, 2026

बीके अस्पताल के महिला एवं शिशु वार्ड में पुरुषों के प्रवेश पर प्रतिबंध के बाद भी रही मौजूदगी, जच्चा-बच्चा की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

Gungun Sharma/Alive News
Faridabad :
बी. के अस्पताल में डिलिवरी (प्रस्तुति) वार्ड के अंदर पुरुषों के प्रवेश पर प्रतिबंध है। यह प्रतिबंध इसलिए भी है कि जच्चा-बच्चा वार्ड से बच्चा चोरी होने की घटना हो चुकी हैं। लेकिन इतनी घटनाओं के बाद भी वार्ड के मुख्य गेट पर शनिवार दोपहर करीब 12 बजे गार्ड तैनात नही था। हमारी संवाददाता ने पड़ताल करते हुए गार्ड की तैनाती की जानकारी अस्पताल के कर्मचारी से ली तो उसके पिछले गेट पर तैनात होने की बात कही गई।लेकिन पुरुष मुख्य गेट से होकर प्रस्तुति वार्ड तक पहुंच रहे थे। अस्पताल प्रशासन की लापरवाही महिलाओं की निजता पर तो भारी पड़ती दिखी, बल्कि नवजात बच्चों की सुरक्षा पर भी बड़े सवाल खड़े कर रही थी।

वार्डों में पुरुषों की मौजूदगी
शनिवार के दिन करीब 12 बजे शिशु रोग वार्ड में महिलाओं के साथ ज्यादातर अटेंडेंट पुरुष दिखाई दिए। यहां तक कि डिलीवरी वार्ड के बाहर भी पुरुषों की मौजूदगी थी।

अस्पताल में पहले भी हो चुकी है बच्चा चोरी की घटना
12-13 सितंबर 2023 को बीके अस्पताल से दो दिन का एक नवजात चोरी हो गया था। आरोपी अस्पताल स्टाफ का भेष बनाकर वार्ड में दाखिल हुए और बच्चा लेकर फरार हो गए थे। बाद में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।

क्या कहना है मुख्य चिकित्सा अधिकारी का
अस्पताल के वार्ड में प्राइवेट कम्पनी के गार्ड तैनात किए गए हैं। जच्चा-बच्चा वार्ड में भी तैनात है और पुरुष के प्रवेश पर प्रतिबंध भी है। अगर, फिर भी ऐसी सामने आया है तो संबंधित गार्ड से इसकी जानकारी ली जाएगी।
-डाॅ जयन्त आहूजा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), बीके अस्पताल।