May 11, 2024

उपमुख्यमंत्री ने यमुनानगर को दी कई सौगात, 115 करोड़ की सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास

Chandigarh/Yamunanagar/Alive News : हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने यमुनानगर जिले को सौगात देते हुए 115 करोड़ रुपए की लागत से तैयार होने वाली 224 किलोमीटर लंबी करीब 100 सड़कों के सुधारीकरण व मजबुतीकरण के कार्यों का शिलान्यास किया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि करीब 115 करोड़ रुपए के खर्च से जिले के सभी चारों विधानसभा की 25-25 सड़कों का विकास करवाया जाएगा। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि मानसून के मौसम के बाद सड़कों पर निर्माण कार्य आरंभ हो जाएगा और साल के अंत तक सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि यह सड़कें पहले ही मंजूर कर ली गई थी परंतु सड़कों पर जनस्वास्थ्य विभाग का कार्य पूरा न होने के कारण सड़कों के कार्य में देरी हुई है।

पत्रकारों से रूबरू होते हुए सोनीपत में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा ट्रैक्टर चलाने के सवाल के जवाब में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उन्हें अब किसानों की याद आई है। उन्होंने कहा कि जो लोग देश का नेतृत्व करने की दस साल पहले बात करते थे, उनको आज किसानों की समस्या पता चली है। दुष्यंत चौटाला ने याद दिलाया कि एक दौर ऐसा भी था जब ट्रैक्टर को कमर्शियल श्रेणी में रखा जा रहा था।

शनिवार को डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला यमुनानगर जिले के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सार्वजनिक और निजी कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। जगह-जगह पर शहर वासियों द्वारा दुष्यंत चौटाला का जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनते हुए उनके समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जगाधरी में जोगी समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में दुष्यंत चौटाला ने अपने ऐच्छिक कोटे से जोगी धर्मशाला की मरम्मत के लिए 11 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने जगाधरी के नगर खेड़ा में माथा टेक प्रदेश वासियों के लिए सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर पूर्व विधायक अर्जुन सिंह, जेजेपी जिला प्रधान गुरविंदर तेजली, जेजेपी नेता अशोक शेरवाल, कुसुम शेरवाल सहित काफी संख्या में शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।