July 14, 2026

तेज धूप के बाद छाए बादल, मिली राहत

Noida/Alive News: मंगलवार सुबह तेज धूप और उमस के बाद शाम को आसमान में बादल छा जाने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक तापमान स्थिर रहने की संभावना है, जबकि सप्ताहांत के बाद इसमें हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है, लेकिन अभी शहर के एक्यूआई में कोई गिरावट नहीं है।

मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार से शुक्रवार तक अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शनिवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं रविवार और सोमवार को तापमान में गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 36 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है साथ ही आसमान में बदल छाने और बारिश के आसार हैं।

वायु गुणवत्ता की बात करें तो मंगलवार को नोएडा का एयर एक्यूआई 182 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। वहीं ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 258 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में है। विशेषज्ञों के अनुसार लोगों को खराब वायु गुणवत्ता के दौरान लंबे समय तक बाहर रहने से बचना चाहिए।