March 7, 2026

राहुल कॉलोनी में तोड़फोड़ का नोटिस, लोग पहुंचे निगम कार्यालय

Faridabad/Alive News: राहुल कॉलोनी के निवासी शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचे और तोड़फोड़ नोटिस के खिलाफ विरोध जताया। निगम प्रशासन ने 24 सितंबर को तोड़फोड़ संबंधी नोटिस जारी किया था, जिसे 25 सितंबर को कॉलोनी में चस्पा किया गया। नोटिस के अनुसार तीन दिन का समय दिया गया है, जिसके बाद कार्रवाई की जाएगी।

कॉलोनी निवासियों का कहना है कि दशकों से वे राहुल कॉलोनी में रह रहे हैं। अब अचानक तीन दिन में घर खाली करने का नोटिस जारी कर देना उनके साथ अन्याय है। लोगों का आरोप है कि चुनावों से पहले नेताओं ने वादा किया था कि कॉलोनी को पक्की की जाएगी, सीवर, पानी और सड़कों की सुविधा दी जाएगी, लेकिन अब उसी कॉलोनी को हटाने की तैयारी की जा रही है।

एक निवासी ने कहा, “जीतने से पहले नेताओं ने कहा था कि तुम्हारी कॉलोनी को पक्का करवाएंगे, नल-सीवर डलवाएंगे, लेकिन अब टूटी-फूटी कॉलोनी को ही उजाड़ने का नोटिस लगा दिया।” लोगों का कहना है कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत वैकल्पिक व्यवस्था दी जाए, तभी वे कहीं और जाएंगे।

कई लोगों ने यह भी मांग रखी कि यदि सरकार उनकी जमीन पर कब्जा करना चाहती है तो सरकारी रेट पर उन्हें पक्का मुआवजा और रजिस्ट्री दी जाए।

निगम कार्यालय पर भारी भीड़ उमड़ी और कॉलोनीवासी अंदर जाकर जॉइंट कमिश्नर से मिलने पहुंचे। कॉलोनी निवासियों ने कहा कि वे अपनी “जन्मभूमि” छोड़कर कहीं नहीं जाएंगे और अगर तोड़फोड़ की कार्रवाई हुई तो वे मजबूरन विरोध करेंगे।

फिलहाल लोग नगर निगम के आश्वासन का इंतजार कर रहे हैं कि आगे उनके साथ क्या होगा।