March 7, 2026

एचटेट परीक्षा में धांधली की जांच की मांग, पारदर्शिता पर उठे सवाल

Faridabad/Alive News: जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने एचटेट परीक्षा में हुई कथित धांधली को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है, वहीं सरकार पारदर्शिता का दावा करते हुए भी इस बड़े मामले पर चुप्पी साधे हुए है।

भिवानी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए दिग्विजय ने कहा कि अगर सरकार खुद को पारदर्शी मानती है, तो वह एचटेट परीक्षा में हुए अनियमितताओं की जांच करवाने से क्यों पीछे हट रही है? उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एक सवाल के जवाब में, जिसमें इनेलो नेता पर वायरल वीडियो में रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी को जूते मारने का आरोप है, दिग्विजय चौटाला ने इसे गंभीर मामला बताया। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा हुआ है, तो यह बेहद निंदनीय है और संबंधित व्यक्तियों को जवाब देना चाहिए।

इस दौरान दिग्विजय ने जेजेपी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों को पार्टी के जुलाना स्थापना दिवस समारोह के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि भिवानी, जिसे जेजेपी अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला की कर्मभूमि कहा जाता है, वहां कार्यक्रम को लेकर जबरदस्त उत्साह है। पार्टी कार्यकर्ता कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरा प्रयास कर रहे हैं।