Noida/Alive News: उत्तर प्रदेश के डायरेक्टर जनरल ऑफ स्कूल एजुकेशन के निर्देश पर जिले के सरकारी स्कूलों में शिक्षण गुणवत्ता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को दोपहर डेढ़ बजे से तीन बजे तक सभी न्याय पंचायतों में मासिक संकुल बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य परियोजना कार्यालय द्वारा निर्धारित एजेंडे के अनुसार शिक्षण व्यवस्था, छात्रों के सीखने के स्तर और स्कूलों की शैक्षणिक प्रगति सहित विभिन्न विषयों पर समीक्षा की गई।
पर्थला खंजरपुर, नगला चरणदास, छपरौला, दुजाना, सूरजपुर, बिसरख, चिपयाना, बरौला और वैदपुरा न्याय पंचायतों में निर्धारित स्थानों पर आयोजित बैठकों में नामित शिक्षकों ने विभिन्न विषयों पर प्रस्तुतीकरण दिया। इसके लिए शिक्षकों को पहले से तैयारी करने के निर्देश दिए गए थे।
शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार एआरपी और संकुल प्रभारियों की निगरानी में बैठकें राज्य परियोजना कार्यालय के तय एजेंडे के अनुसार संचालित की गईं। बैठक का दस्तावेजीकरण, डीसीएफ भरना और फोटो अपलोड करना भी अनिवार्य रखा गया, ताकि पूरी रिपोर्ट विभाग को भेजी जा सके।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार इन बैठकों का उद्देश्य शिक्षकों के बीच शैक्षणिक समन्वय को मजबूत करना, नवाचार आधारित शिक्षण गतिविधियों का आदान-प्रदान बढ़ाना और छात्रों की सीखने की गुणवत्ता में सुधार करना है।

