Faridabad/Alive News: अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत AVTS भूपानी की टीम ने गांव नचौली निवासी नरवीर उर्फ नवीन (35) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 265 पव्वे देसी शराब (मस्ताना ब्रांड) बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई की रात AVTS भूपानी की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गांव नचौली में एक व्यक्ति बिना लाइसेंस के अपने खेत से अवैध देसी शराब बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत मौके पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने नरवीर उर्फ नवीन को पकड़ लिया। तलाशी में दो प्लास्टिक के कट्टों से 265 पव्वे देसी शराब बरामद हुई। आरोपी शराब रखने या बेचने का कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं दिखा सका। इसके बाद मुख्य सिपाही जोगिंदर की शिकायत पर थाना भूपानी में हरियाणा आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद शराब को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एलएलबी पास है और सेक्टर-12 स्थित अदालत में वकालत करता है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ थाना भूपानी में पहले से हत्या का एक मामला भी दर्ज है, जिसमें वह जेल जा चुका है।
फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब की बिक्री, तस्करी या किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना कंट्रोल रूम नंबर 9999150000, 0129-2227200, डायल 112 या नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

