May 4, 2024

दिल्ली : खतरे के निशान से ऊपर यमुना, निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा

New Delhi/Alive News : हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने के बाद दिल्ली में यमुना नदी एक बार फिर उफान पर है. यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. आईटीओ पर यमुना का बहाव काफी ज्यादा तेज है. यहां यमुना का जल स्तर खतरे के निशान से काफी उपर पहुंच गया है. अगले कुछ घंटे जल स्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो डीएनडी के आस-पास नोएडा के निचले इलाके और ओखला का कुछ इलाका जलमग्न हो सकता है.

यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज से दो दिन से पानी छोड़ा जा रहा है. लाखों क्यूसेक पानी दिल्ली की ओर आ रहा है. यमुना के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोहे का पुल बंद कर दिया गया है. शुक्रवार की सुबह दिल्ली में यमुना का जलस्तर 205.17 मीटर पर था जो अब खतरे के निशान को पार कर चुका है.

यमुना नदी में जलस्तर बढ़ने के साथ ही निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. दिल्ली में घने बादल छाए हुए हैं और मौसम विभाग ने यमुना से सटे क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है. जहां तक दिल्ली में यमुना के उफान की बात है तो उस पर तमाम एजेंसियां लगातार नजर रख रही हैं. अगर हालात गंभीर हुए तो यमुना के किनारे बसे कुछ और इलाकों को खाली कराया जा सकता है. वहीं प्रशासन राहत और बचाव का काम संभाल सकता है.

हथिनी कुंड बैराज से बुधवार को यमुना नदी में 1.6 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जिसका बहाव दिल्ली की तरफ है. वहीं, गुरुवार को भी 1.14 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया. हथिनी कुंड बैराज से बड़ी मात्रा में यमुना में पानी छोड़े जाने से दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है.

एहतियातन पुरानी दिल्ली में स्थित लोहे का पुल बंद कर दिया गया है. साथ ही यमुना से सटे इलाकों में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है. हथिनी कुंड से छोड़े जा रहे पानी के अलावा दिल्ली में मॉनसूनी बारिश भी आफत बनी हुई है. दो दिनों में हुई भारी बारिश से भी यमुना के जल स्तर पर प्रभाव पड़ा है. इस बीच मौसम विभाग ने आज के लिए भी मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.