New Delhi/Alive News: दिल्ली-एनसीआर के लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलती दिख रही है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार गुरुवार को राजधानी में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम में बदलाव के चलते अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
गुरुवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है।
जुलाई के पहले सप्ताह में आ सकता है मानसून
मौसम विभाग के अनुसार 25-26 जून और फिर 29-30 जून के दौरान दिल्ली में हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा जुलाई के पहले सप्ताह तक दिल्ली में मानसून के पहुंचने की उम्मीद जताई गई है।
धूप और उमस से लोग परेशान
मंगलवार को आई तेज आंधी और हल्की बारिश से लोगों को कुछ समय के लिए गर्मी से राहत मिली थी, लेकिन बुधवार को मौसम साफ होते ही उमस और गर्मी फिर बढ़ गई। तेज धूप के कारण दोपहर के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम दिखाई दी और लोग केवल जरूरी काम से ही बाहर निकले।
मंगलवार को करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी के कारण कई इलाकों में धूल का गुबार छा गया था। इससे दृश्यता कम हो गई और यातायात भी प्रभावित हुआ। हालांकि हल्की बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी।
अगले दो दिनों में बढ़ सकता है तापमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दो दिनों में तापमान एक बार फिर 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।
दिल्ली की हवा हुई बेहतर
दिल्ली में वायु गुणवत्ता में भी सुधार दर्ज किया गया है। गुरुवार सुबह 9:30 बजे राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 127 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। एनसीआर के अन्य शहरों में भी हवा की गुणवत्ता संतोषजनक से मध्यम श्रेणी के बीच बनी हुई है।

