April 27, 2024

दिल्ली-एनसीआरः घने कोहरे के कारण 18 ट्रेनें लेट, हवाई यात्रियों के लिए भी एडवाइजरी, 16 जनवरी के बाद राहत के आसार

New Delhi/Alive News: दिल्ली-एनसीआर में सर्द हवाओं के साथ घने कोहरे का कहर जारी है। इसी बीच दिल्ली हवाईअड्डे की ओर से यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी कर दी गई है। यात्रा से पहले एयरलाइंस से संपर्क करने की सलाह दी है। वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग की ओर से आज और कल दो दिनों के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है। मौसम विभाग ने 16 जनवरी तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि दोपहर बाद धूप खिलने की उम्मीद जताई है। मौसम विभाग के अनुसार 16 जनवरी के बाद राहत के आसार हैं।

दिल्ली के आईजीआई हवाईअड्डे पर सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर दृश्यता 250 से 400 मीटर के बीच रही। लेकिन, बहुत घने कोहरे की स्थिति रही। जबकि सुबह तीन बजे जीरो मीटर की दृश्यता रही और फिर साढ़े पांच बजे घने कोहरे में दृश्यता 50 मीटर तक बढ़ गई। घने कोहरे के बीच दिल्ली हवाई अड्डे की ओर से यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी कर दी गई है। आईजीआई हवाई अड्डे की ओर से जानकारी देते हुए बताया गया है कि हवाई यात्रा से पहले जरूर संपर्क करें। रिपोर्ट के मुताबिक, घने कोहरे की वजह से राजधानी दिल्ली पहुंचने वाली 18 ट्रेनें देरी से हैं।

कई फ्लाइट्स डायवर्ट
रविवार के दिन कोहरे ने सबसे ज्यादा असर दिखाया। रनवे पर दृश्यता 125 मीटर से भी कम रही है। सुबह चार बजे से ही रनवे घने कोहरे की चपेट में आना शुरू हो गया था। यह स्थिति सुबह के 10 बजे तक रहा। इस वजह से अन्य स्थानों से आने वाली 250 से अधिक घरेलू फ्लाइट देरी से पहुंचीं तो इतनी ही उड़ानें देरी से संचालित हुईं। अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट की भी यही स्थिति रही। आने-जाने वाले करीब 225 विमान देरी से संचालित हुए। इस वजह से यात्रियों को तमाम समस्याओं का सामना करना पड़ा। वह एयरपोर्ट के पूछताछ केंद्र से लेकर अन्य अधिकारियों से संपर्क करते रहे। लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका।

विमान रद्द होने से नाराज यात्रियों ने काटा हंगामा
विमान संचालन में लगातार देरी की वजह से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। कई विमान रद्द होने की वजह से यात्रियों ने हंगामा भी किया। एयर इंडिया के एक विमान के रद्द होने पर यात्रियों ने दूसरे विमान के टिकट की मांग की तो उन्हें मौसम का हवाला देकर लौटा दिया गया। लगातार विमानों के देरी से संचालित होने की वजह से बड़ी संख्या में एयरपोर्ट पर भीड़ जमा हो गई थी। व्यवस्थाएं चरमराने से परेशान यात्री यहां वहां भटकने पर मजबूर हुए।

मिलान की फ्लाइट निरस्त, यात्रियों की शिकायत
दोपहर दो बजे मिलान की फ्लाइट अचानक निरस्त कर दी गई। यात्रियों से बार-बार यही कहा गया कि दूसरी फ्लाइट से भेजेंगे। लेकिन शाम 6 बजे यात्रियों से यह कह दिया गया कि कोई फ्लाइट नही है, लिहाजा आप सभी एयरपोर्ट से बाहर चले जाएं। यात्री सुधीर चड्ढा ने अमर उजाला को बताया कि सिक्योरिटी स्टाफ ने जबरन बाहर जाने को मजबूर किया। एयर इंडिया वालों ने किसी अन्य विमान से मिलान भेजने का आश्वासन तक नहीं दिया। हर घंटे कहते रहे कि दूसरी फ्लाइट से भेजेंगे। उन्होंने बताया कि रात करीब नौ बजे 200 यात्रियों को होटल ले जाने की बात कहते हुए एयरपोर्ट के बाहर बस में बैठा दिया गया।

दिल्ली में 15 और 16 जनवरी को मौसम का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 16 जनवरी तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि दोपहर बाद धूप खिलने की उम्मीद जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि दिन में आसमान साफ होने से रात का तापमान गिर सकता है। हालांकि उम्मीद की जा रही है कि 16 जनवरी के बाद से सुबह के तापमान में भी बढ़त हो सकती है। जबकि पूरे सप्ताह सुबह के समय कोहरा छाए रहने का अनुमान है।