November 20, 2026

डीएवी स्कूल एनटीपीसी में खेल प्रतिभाओं का सम्मान, खिलाड़ियों को मिले पदक

Faridabad/Alive News: डीएवी पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी फरीदाबाद में सत्र 2025-26 के दौरान खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में स्पोर्ट्स अप्रिसिएशन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स की क्लस्टर, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) फरीदाबाद सतीश चौधरी, एनटीपीसी फरीदाबाद के जनरल मैनेजर आशुतोष सतपथी और एजीएम (एचआर) के. श्रीलता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समारोह की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नृत्य प्रस्तुतियों ने समारोह को आकर्षक बनाया। विद्यालय की प्रधानाचार्या अलका अरोड़ा ने अतिथियों का स्वागत किया।

समारोह में सत्र 2025-26 के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की उपलब्धियों की जानकारी दी गई। क्लस्टर स्तर की प्रतियोगिताओं में 236 विद्यार्थियों ने भाग लिया और 139 स्वर्ण, 35 रजत तथा 15 कांस्य पदक जीते।

राज्य स्तर पर 177 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इन खिलाड़ियों ने 57 स्वर्ण, 32 रजत और 31 कांस्य पदक हासिल किए। वहीं, राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में 70 विद्यार्थियों ने भाग लेकर 3 स्वर्ण, 6 रजत और 23 कांस्य पदक जीते।

मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनकी मेहनत और उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं। खेलों से बच्चों को चुनौतियों का सामना करने और लक्ष्य हासिल करने की सीख मिलती है।

प्रधानाचार्या अलका अरोड़ा ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हर सफलता के पीछे खिलाड़ियों का नियमित अभ्यास, मेहनत, प्रशिक्षकों और शिक्षकों का मार्गदर्शन तथा अभिभावकों का सहयोग होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।