March 7, 2026

डीएवी महाविद्यालय ने 77वां गणतंत्र दिवस शिक्षकों को किया समर्पित

Faridabad/Alive News: डीएवी शताब्दी महाविद्यालय, फरीदाबाद में 77 वें गणतंत्र दिवस का आयोजन शिक्षकों को समर्पित करते हुए गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम में ‘वृक्ष: एक संगठन’ एनजीओ द्वारा महाविद्यालय के शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने निकट भविष्य में सेवानिवृत्त होने वाले दो गैर-शिक्षक कर्मचारियों को मुख्य अतिथि के रूप में सम्मान प्रदान किया। कार्यक्रम की शुरुआत में प्राचार्य ने एनसीसी कैडेट्स का निरीक्षण किया तथा महाविद्यालय मंच पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। एनसीसी कैडेट्स के प्लाटून ने परेड करते हुए राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।

इस अवसर पर डॉ. नरेंद्र कुमार ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर ही एक सशक्त और जिम्मेदार समाज का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम के दौरान ‘वृक्ष: एक संगठन’ एनजीओ की ओर से शिक्षकों को सम्मान स्वरूप पौधे भेंट किए गए। एनजीओ की ओर से मोहन शर्मा, नीरज धस्माना, उमेश चौधरी, हरीश बिंजोला, सुलेखा मीणा, सोनिया नेगी एवं रश्मि उनियाल ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

इस अवसर पर डॉ. नीरज सिंह ने संविधान अंगीकरण दिवस 26 जनवरी के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए भारतीय संविधान की विशेषताओं का अन्य देशों के संविधान से तुलना करते हुए वर्णन किया। कार्यक्रम में सभी शिक्षक, गैर-शिक्षण कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।