June 6, 2026

डीएवी शताब्दी महाविद्यालय में आर्य समाज स्थापना सप्ताह पर हवन का किया आयोजन

Faridabad/Alive News: डी ए वी शताब्दी कॉलेज में आर्य समाज स्थापना सप्ताह के उपलक्ष्य में 22 मार्च 2026 को पवित्र हवन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की आर्य समाज इकाई द्वारा किया गया, जिसकी संयोजक डॉ. अर्चना सिंघल रहीं, जबकि संरक्षक कार्यकारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार थे।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुई, जिसमें शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने श्रद्धा भाव से आहुति अर्पित की। इस अवसर पर महात्मा खुशहाल चंद के गिरफ्तारी दिवस को स्मरण करते हुए उनके त्याग, साहस और सत्याग्रह के प्रति समर्पण को याद किया गया।

वक्ताओं ने बताया कि स्वामी दयानंद सरस्वती द्वारा स्थापित आर्य समाज सत्य, धर्म, शिक्षा, समानता और सामाजिक सुधार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि आर्य समाज ने अंधविश्वास और कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

इस आयोजन को सफल बनाने में नीति नागर, डॉ. ममता, गार्गी शर्मा, रजत भड़ाना एवं हार्दिक सहित अन्य कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ। इस दौरान सभी उपस्थित जनों ने समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया। आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन भारतीय संस्कृति और वैदिक परंपराओं के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।