July 1, 2026

राजस्थान के दौसा में भीषण बस हादसा: बस में लगी आग, 7 यात्रियों की मौत, कई घायल

राजस्थान के दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसे के बाद खाई में गिरी जली हुई बस।

Dausa/Alive News: राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हरिद्वार से इंदौर जा रही एक निजी बस ट्रेलर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में गिर गई। हादसे के बाद बस के पिछले हिस्से में आग लग गई, जिससे 7 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं, 15 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार यह हादसा कोलवा थाना क्षेत्र के विश्राम स्थल के पास सुबह करीब 2 से 3 बजे के बीच हुआ। दुर्घटना के समय अधिकतर यात्री गहरी नींद में थे। तेज टक्कर के कारण कई यात्री अपनी सीटों और बर्थ से नीचे गिर गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

हादसे के तुरंत बाद बस में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्री समय रहते बस से बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि कई लोग अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, एम्बुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को बाहर निकालकर दौसा जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है।

दौसा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेंद्र फौजदार ने बताया कि दुर्घटना के बाद बस में आग लग गई थी। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुट गई। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया और डॉक्टरों को आवश्यक निर्देश दिए।

पुलिस ने बस और ट्रेलर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रेलर से टक्कर के बाद बस चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण बस खाई में जा गिरी। हादसे के कारण दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।