September 19, 2026

डबुआ मंडी : पार्किंग की पर्ची को लेकर दबंगो ने मां बेटे को जमकर पीटा

पार्किंग को लेकर शनिवार को डबुआ सब्जी मंडी में दिनदहाड़े कुछ युवक गुंडागर्दी करते नजर आए। मौके पर मौजूद प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि पार्किंग की पर्ची को लेकर ठेकेदार के कर्मियों ने एक युवक और उसकी मां को बुरी तरह पीटा। जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गई। मां-बेटे ने डबुआ थाना पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वाहन चालक की पहचान नेहरू कालोनी निवासी राजकुमार के रूप में हुई है। राजकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार शाम वह अपनी मां विमला देवी के साथ मोटरसाइकिल पर डबुआ सब्जी मंडी में खरीदारी के लिए आया था। मोटरसाइकिल खड़ी कर उसने 10 रुपये की पार्किंग की पर्ची कटाई। पर्ची राजकुमार ने अपनी मां को दे दी। खरीदारी के बाद विमला देवी पीछे रह गईं, जबकि राजकुमार मोटरसाइकिल लेने के लिए पार्किंग में पहुंच गया।

राजकुमार जैसे ही मोटरसाइकिल लेकर चलने लगा तो वहां मौजूद युवकों ने उसे पर्ची दिखाने के लिए कहा। राजकुमार ने बताया कि पर्ची उसकी मां के पास है। वह पीछे आ रही है। पार्किंग ठेकेदार के कर्मचारियों ने उसे मोटरसाइकिल स्टार्ट करने से रोक दिया। जिस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गयी। विवाद इतना बढ़ कि बात मारपीट तक पहुंच गई। इसी दौरान युवकों ने राजकुमार से मारपीट शुरू कर दी और जमकर लात घुसे चले। इतने में उसकी मां विमला देवी आ गईं। युवकों ने उनके साथ भी हाथापाई की और कपड़े तक फाड़ दिए। वहां लोगों ने किसी तरह बीच बचाव किया। इसके बाद मां-बेटे ने पुलिस को शिकायत दी।