June 5, 2026

डीके शिवकुमार आज लेंगे कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ, जी परमेश्वर होंगे डिप्टी सीएम

Bengaluru/Alive News: कर्नाटक में कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार बुधवार को राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह शाम 4 बजे बेंगलुरु के लोक भवन में आयोजित होगा। वे सिद्धारमैया की जगह मुख्यमंत्री पद संभालेंगे।

कांग्रेस विधायक दल की बैठक में 30 मई को डीके शिवकुमार को नेता चुना गया था। सिद्धारमैया ने 28 मई को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। वे मई 2023 से मई 2026 तक कर्नाटक के मुख्यमंत्री रहे।

नई सरकार में जी परमेश्वर को उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा। डीके शिवकुमार के साथ 13 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। इनमें सिद्धारमैया के बेटे और एमएलसी यतींद्र सिद्धारमैया भी शामिल हैं।

सूत्रों के मुताबिक, नई कैबिनेट में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे को भी जगह मिल सकती है। इसके अलावा राज्य में चार डिप्टी सीएम बनाए जाने की भी चर्चा है। मौजूदा मंत्रिमंडल से करीब 10 मंत्रियों को हटाया जा सकता है।

कांग्रेस विधायक टीबी जयचंद्र ने कहा कि अभी कुछ मंत्री ही शपथ लेंगे। विधान परिषद और राज्यसभा चुनाव 18 जून तक चलने के कारण मंत्रिमंडल का दूसरा विस्तार बाद में किया जाएगा। पूरी कैबिनेट का गठन 18 जून के बाद होने की संभावना है।

शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, केरल, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना के कांग्रेस मुख्यमंत्री शामिल होंगे। तमिलनाडु और झारखंड के मुख्यमंत्री भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

डीके शिवकुमार देश के सबसे अमीर नेताओं में गिने जाते हैं। चुनावी हलफनामे के अनुसार उनके पास 1400 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति है। वे रियल एस्टेट, होटल और खनन कारोबार से जुड़े हैं। हालांकि उन पर 263 करोड़ रुपए का कर्ज भी है।

उनके खिलाफ हत्या के प्रयास, भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग समेत 19 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) और सीबीआई (केंद्रीय जांच ब्यूरो) भी उनके खिलाफ अलग-अलग मामलों की जांच कर रही हैं। 2019 में मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उन्हें तिहाड़ जेल में 50 दिन बिताने पड़े थे।

कर्नाटक कांग्रेस में लंबे समय से यह फॉर्मूला चर्चा में था कि सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार ढाई-ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री बनेंगे। सिद्धारमैया के ढाई साल पूरे होने के बाद अब शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाया जा रहा है।