Faridabad/Alive News: साइबर थाना की पुलिस ने साइबर ठगों पर लगातार सख्त कार्रवाई करते हुए ठगी के एक मामले में विदेशी धरती पर छिपे एक शातिर आरोपी को ढूंढकर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस प्रवक्ता से मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर 21 डी निवासी एक व्यक्ति ने 5 जुलाई 2024 को पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके साथ शेयर मार्किट में इन्वेस्टमेंट के नाम पर 49 लाख 50 हजार रुपये का साइबर फ्रॉड हुआ था।
पुलिस ने कार्यवाही करते हुए रोहतक निवासी वीरेंद्र को गिरफ्तार किया था लेकिन वीरेंद्र ने अपनी जमानत की एवज में शिकायतकर्ता के साथ समझौते के नाम पर एक फर्जी डिमांड ड्राफ्ट देकर जमानत ले ली और उसके बाद फरार हो गया। जिस संबंध में आरोपी का दोबारा गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ।
साइबर थाना एनआईटी की पुलिस ने प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह व उप निरीक्षक चेतन ने आरोपी के बारे में अहम सबूत जुटाए , जिनके आधार पर साइबर थाना सेंट्रल प्रभारी इंस्पेक्टर विमल, सहायक उप निरीक्षक सत्येंद्र व मुख्य सिपाही मनोज की एक स्पेशल पुलिस नेपाल गई, जहां पर पुलिस ने कई दिनों तक स्मार्ट तकनीकी और चौकस कार्य करते हुए आरोपी वीरेंद्र को ढूंढ निकालकर काबू किया। आरोपी के संबंध में भारतीय दूतावास नेपाल काठमांडू से आवश्यक कार्यवाही के बाद 28. जनवरी 2026 को उसे इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लाया गया।

