March 7, 2026

खाता वेरिफिकेशन के नाम पर 16 लाख की ठगी, साइबर पुलिस ने खाता ऑपरेटर को पकड़ा

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस साइबर अपराधों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी दौरान साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो ठगों के लिए बैंक खाता ऑपरेट करता था।

सेक्टर-37 फरीदाबाद के एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि 29 सितंबर को उसकी पत्नी के पास व्हाट्सऐप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को कैनरा बैंक से बताया और एटीएम कार्ड की फोटो भेजकर कहा कि उसके खाते में 3 करोड़ रुपये हैं, जिसकी वेरिफिकेशन चल रही है। इसी बहाने उन्होंने महिला से उनके बैंक खाते और एफडी की जानकारी मांगी।

बाद में दूसरे ठग ने महिला को यह कहकर बहला लिया कि वह अपनी एफडी के पैसे उनकी बताई हुई खाते में भेज दे, वेरिफिकेशन के बाद पैसे वापस कर दिए जाएंगे। ठगों की बातों में आकर महिला ने 16 लाख रुपये उनके बताए खाते में भेज दिए। शिकायत मिलते ही साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने अशोक चौधरी (35), निवासी गांव जीवाणा, जिला बनासकांठा (गुजरात) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी के पास खाताधारक अभिषेक की बैंक से लिंक SIM थी, जिसे वह चलाता था। खाते में आने वाले पैसों को वह ऑनलाइन दूसरे खातों में भेज देता था। आरोपी बी.ए. पास है और बेरोजगार है। पुलिस ने उसे 4 दिन के रिमांड पर लिया है।

इस मामले में खाताधारक अभिषेक सहित 4 अन्य आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके हैं।