September 26, 2026

KYC के नाम पर APK फाइल भेजकर 97 हजार की साइबर ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर थाना NIT की टीम ने KYC अपडेट करने के नाम पर APK फाइल भेजकर 97 हजार रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उवेश (24), निवासी नोएडा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, जवाहर कॉलोनी निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी कि 15 सितंबर 2026 को उसने अपने एयरटेल सिम का रिचार्ज कराया था। रिचार्ज के बाद उसे डाटा प्लान के मुताबिक डाटा नहीं मिला। इसके बाद उसने गूगल पर एयरटेल कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया और दिए गए नंबर पर कॉल की।

कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को एयरटेल का अधिकारी बताया और कहा कि समस्या दूर करने के लिए KYC करनी होगी। इसके बाद आरोपी ने WhatsApp पर KYC के नाम पर एक APK फाइल भेजी। महिला के फाइल खोलते ही उसके फोन की स्क्रीन ब्लैक हो गई और उसके बैंक खाते से 97 हजार रुपये निकल गए।

महिला की शिकायत पर साइबर थाना NIT में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी उवेश ने मानव नाम के खाताधारक का बैंक खाता अभिषेक से लिया था और आगे किसी अन्य व्यक्ति को दे दिया था। पुलिस के अनुसार, ठगी के 97 हजार रुपये मानव के खाते में आए थे। मानव को इस मामले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी उवेश 12वीं पास और बेरोजगार है। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।