Faridabad/Alive News: शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाने का झांसा देकर 9.66 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सोमपाल (35), निवासी बरेली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। इस मामले में अब तक 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, ग्रीन फील्ड कॉलोनी, सेक्टर-43 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 8 अक्टूबर 2025 को उसके पास एक विदेशी नंबर से WhatsApp कॉल आई थी। कॉल करने वाली महिला ने खुद को Mew Wealth Private Limited की सहायक बताया और शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच दिया।
इसके बाद अक्टूबर 2025 में अलग-अलग UPI ID और बैंक खातों में शिकायतकर्ता से कुल 9 लाख 66 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आया कि ठगी की रकम जिस बैंक खाते में पहुंची थी, उसका एक्सेस आरोपी सोमपाल के पास था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने इस खाते में अपनी ई-मेल आईडी भी दर्ज कर रखी थी। यह खाता Kumarto Soft Developed Pvt. Limited नाम की फर्म का करंट अकाउंट था, जिसमें ठगी के 2 लाख रुपये आए थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सोमपाल MBA पास है और उसके खिलाफ दिल्ली में भी साइबर ठगी का एक मामला दर्ज है।
आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और जांच जारी है।

