Faridabad/Alive News: कस्टमर केयर कर्मचारी बनकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए साइबर थाना NIT की टीम ने एक और आरोपी को रुद्रपुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फईम खान निवासी खेड़ा कॉलोनी, रुद्रपुर, जिला ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड के रूप में हुई है। आरोपी ने ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए बैंक खाता उपलब्ध कराया था।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले में खाताधारक सहित तीन आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
गूगल से कस्टमर केयर नंबर खोजने पर हुआ साइबर फ्रॉड
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-56A, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने 23 दिसंबर 2025 को गूगल पर कस्टमर केयर नंबर सर्च कर एक नंबर पर फोन किया था। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने खुद को कस्टमर केयर कर्मचारी बताया और बातचीत के बाद 10 रुपये सर्विस चार्ज लगने की बात कहकर फोन काट दिया।
कुछ समय बाद शिकायतकर्ता के व्हाट्सऐप पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने उसे फोन-पे का बैलेंस चेक करने के लिए कहा। जैसे ही शिकायतकर्ता ने मोबाइल पर बैलेंस चेक करने का प्रयास किया, उसके फोन की स्क्रीन बंद हो गई। कुछ समय बाद उसे पता चला कि उसके बैंक खाते से 98 हजार रुपये निकल चुके हैं।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
ठगी की रकम इसी खाते में हुई थी ट्रांसफर
जांच के दौरान पुलिस ने मामले से जुड़े खाताधारक सहित तीन आरोपियों को पहले गिरफ्तार किया था। अब पुलिस ने फईम खान को भी गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि फईम ने पहले गिरफ्तार किए जा चुके इलमान से खाताधारक इम्तियाज का बैंक खाता प्राप्त किया था। इसके बाद फईम ने यह बैंक खाता साइबर ठगी के लिए आगे उपलब्ध कराया। इसी खाते में शिकायतकर्ता से ठगी गई 98 हजार रुपये की रकम ट्रांसफर हुई थी।
पुलिस के अनुसार, फईम खान रुद्रपुर में CSC सेंटर चलाता है।

