Faridabad/Alive News: करवा चौथ के पर्व को लेकर फरीदाबाद के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। दशहरे के बाद से ही बाजारों में खरीदारी का दौर जारी है, और करवा चौथ से एक दिन पहले बाजारों में भीड़ अपने चरम पर पहुंच गई। एनआईटी मार्केट नंबर 1, बल्लभगढ़ मार्केट, ओल्ड फरीदाबाद मार्केट, डबुआ 60 फुट रोड की मार्केट, जवाहर कॉलोनी गुरुद्वारा रोड मार्केट, सराय मार्केट और सेक्टर 15ए मार्केट में महिलाओं की भारी भीड़ देखी गई। महिलाएं अपने पति के साथ चूड़ी, साड़ी, श्रृंगार का सामान और करवा चौथ पूजा की सामग्री खरीदती नजर आईं। वहीं कई महिलाएं दुकानों और स्टॉल पर मेहंदी लगवाती भी दिखीं, जिससे बाजारों में त्यौहार जैसा माहौल बना नजर आया।
दुकानदारों के अनुसार, करवा चौथ पर सोलह श्रृंगार का विशेष महत्व होता है, इसलिए चूड़ियों, बिंदी, साड़ी और मेकअप सामग्री की बिक्री में जबरदस्त इजाफा हुआ है। बाजारों में महिलाओं के साथ-साथ बच्चों और परिवारों की भी आवाजाही पूरे दिन जारी रही। बाजारों में मेहंदी लगाने वालों की दुकानों पर भी लंबी कतारें दिखीं। महिलाएं हाथों में सुंदर डिजाइन की मेहंदी लगवाती नजर आईं। वहीं, दुकानदारों के चेहरे पर भी मुस्कान थी क्योंकि त्योहार की खरीदारी ने बिक्री बढ़ा दी।
शुक्रवार को महिलाएं रखेंगी व्रत
महिलाएं शुक्रवार को पति की लंबी उम्र की कामना करते हुए करवा चौथ का व्रत रखेंगी। शाम को सोलह श्रृंगार कर वे चांद को देखकर अपना व्रत खोलेंगी। शहर के सोसाइटी में करवा चौथ की पूजा के लिए विशेष तैयारी की जा रही है।
क्या कहना महिलाओं का
“करवा चौथ हमारे लिए बहुत खास दिन होता है। हम हर साल पूरे जोश से इसकी तैयारी करते हैं। आज चूड़ियां, मेहंदी और साड़ी खरीदकर सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अब बस कल का इंतजार रहेगा।”
– कविता
“करवा चौथ पति के लिए प्यार और समर्पण का त्योहार है। बाजार में इतनी रौनक देखकर दिल खुश हो गया। हर दुकान सजी हुई है — जैसे पूरा शहर करवा चौथ के रंग में रंग गया हो।”
– पूजा
क्या कहना है दुकानदारों का
“इस बार बिक्री बहुत बढ़िया रही। सुबह से लगातार ग्राहक आ रहे हैं। चूड़ियां, बिंदी, साड़ी और पूजा का सामान खूब बिक रहा है। ऐसा माहौल साल में सिर्फ करवा चौथ पर ही देखने को मिलता है।”
आईपी पंडे, बाला जी बैंगल स्टोर
“त्योहारों का असर बाजार में साफ दिख रहा है। इस बार महिलाएं पारंपरिक चीज़ें ज्यादा पसंद कर रही हैं। करवा सेट, सजावटी थालियां और गिफ्ट आइटम्स की बिक्री रिकॉर्ड स्तर पर है।”
राजेश, राधा रानी बैंगल स्टोर

क्या कहना मेहंदी आर्टिस्ट का
“कल से ही महिलाएं मेहंदी लगवाने आ रही हैं। आज तो लाइनें इतनी लंबी है कि रात तक काम करना पड़ेगा। सभी हाथों पर करवा चौथ से जुड़ी खास डिज़ाइन्स की मांग है।”
– राज, मेहंदी आर्टिस्ट
“हर साल करवा चौथ पर सबसे ज्यादा काम मिलता है। इस बार तो पहले से बुकिंग चल रही थी। महिलाएं चांद, करवा और जोड़े के डिजाइन की मेहंदी लगवाना पसंद कर रही हैं।”
– माया, मेहंदी आर्टिस्ट

