Rewari/Alive News: हरियाणा के रेवाड़ी में रंगदारी मांगने वाले चार बदमाशों की पुलिस ने सरेआम परेड करवाई। पुलिस ने चारों के सिर मुंडवाकर उन्हें हाथ जोड़कर अंबेडकर चौक से बस स्टैंड मार्केट तक घुमाया। यह बदमाश एक ट्रांसपोर्टर से एक करोड़ रुपए की फिरौती मांगने और बसें जलाने की धमकी देने के आरोप में पकड़े गए थे।
रविवार रात मॉडल टाउन थाना क्षेत्र के पोसवाल में ट्रांसपोर्ट कंपनी के ऑफिस में चार हथियारबंद बदमाश घुस गए। उन्होंने कंपनी के मालिक हरीश कुमार से कहा कि अगर उनकी बसें चलानी हैं तो हर महीने एक करोड़ रुपए देने होंगे, नहीं तो सभी बसों में आग लगा दी जाएगी और परिवार को भी नुकसान पहुंचाया जाएगा।
हरीश कुमार, जो गांव पोसवाल के सरपंच पति भी हैं, ने बताया कि उनकी “श्री श्याम ट्रैवल्स” नाम से कंपनी है जो निजी कंपनियों के कर्मचारियों को बसों से लाने-ले जाने का काम करती है। उन्होंने बताया कि रवि नाम का व्यक्ति तीन साथियों के साथ ऑफिस में आया और पिस्तौल जैसी चीज दिखाकर धमकी दी।
हरीश की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और रवि समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
बावल के DSP सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रविंद्र उर्फ रवि और मनोज (मुंडनवास), रविंद्र (खैरथल, राजस्थान) और हंसराज (आलामपुर ढाणी) हैं। चारों दोस्त हैं और इनके खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। मुख्य आरोपी रवि, कुख्यात गैंगस्टर हवा सिंह का भाई है।
गैंगस्टर हवा सिंह का लिंक
हवा सिंह पर हत्या समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह हाल ही में 17 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया था, लेकिन भाई की हरकत के बाद उसकी पैरोल रद्द कर दी गई और उसे फिर जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि अपराधियों को सख्त सबक सिखाने के लिए यह परेड निकाली गई ताकि समाज में अपराध का डर खत्म हो।

