Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस द्वारा अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने चैन स्नेचिंग के एक मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि रोशन नगर निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। महिला के अनुसार 1 नवंबर को वह अपनी परचून की दुकान पर बैठी थी। इसी दौरान एक युवक दुकान पर आया और सामान मांगने के बहाने उसका ध्यान भटकाया। जैसे ही महिला पीछे मुड़ी, आरोपी ने उसके गले से सोने की चेन तोड़ ली और अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर फरार हो गया। इस संबंध में थाना पल्ला में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा बॉर्डर की टीम द्वारा आरोपी कृष्णा (20), निवासी आगरा, हाल निवासी गोलबंद, दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर आया था और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट का एक मामला दर्ज है। आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है और उससे आगे पूछताछ की जा रही है।

