March 8, 2026

अखंड भारत निर्माण सरदार पटेल की दूरदृष्टि का परिणाम : मूलचंद शर्मा

Faridabad/Alive News: सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर देशभर में चल रहे “सरदार@150 पदयात्रा” अभियान के तहत मंगलवार को बल्लभगढ़ में एकता एवं सद्भावना के संदेश के साथ भव्य “यूनिटी मार्च” का आयोजन किया गया। इस पदयात्रा का नेतृत्व केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, बल्लभगढ़ के विधायक एवं पूर्व मंत्री मूलचंद शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान एनआईटी फरीदाबाद विधायक सतीश फागना, भाजपा जिला अध्यक्ष सोहनपाल छोकर और महिला जिला अध्यक्ष ममता राघव भी उपस्थित रहीं। पदयात्रा सेक्टर-3 रॉयल फार्म (जाट धर्मशाला के पास) से शुरू होकर तिगांव रोड होते हुए अटल ऑडिटोरियम, बल्लभगढ़ तक पहुंची।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से राष्ट्रव्यापी स्तर पर आयोजित किए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि यह अभियान 31 अक्टूबर से 25 दिसंबर तक देश के प्रत्येक जिले और लोकसभा क्षेत्र में चलाया जा रहा है, जिसमें युवा वर्ग की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का मूल मंत्र “देश प्रथम” की भावना पर आधारित है।

सरदार वल्लभभाई पटेल की ऐतिहासिक भूमिका का उल्लेख करते हुए गुर्जर ने कहा कि पटेल ने भारत की रियासतों को एकजुट कर स्वतंत्र भारत की अखंड संरचना तैयार करने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विज़न है कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित किया जाए।

वहीं, स्थानीय विधायक मूलचंद शर्मा ने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि अखंड भारत निर्माण की नींव पटेल की दूरदृष्टि, दृढ़ इच्छाशक्ति और संगठन कौशल पर आधारित है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में इस अवसर पर अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने आयोजन में सहभागिता को लेकर युवा वर्ग को शुभकामनाएं दीं।

विधायक शर्मा ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को देश के गौरवशाली इतिहास से अवगत कराना हमारा दायित्व है। देश की एकता और अखंडता के लिए किए गए सरदार पटेल के योगदान को युवा पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है, ताकि राष्ट्रनिर्माण की यह विरासत सुरक्षित रहे और आगे बढ़ती रहे।

कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं तथा योगासन प्रदर्शन भी किया गया। “एकता मार्च” में एसडीएम मयंक भारद्वाज, पार्षदगण, मंडल अध्यक्ष सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों, विभागीय अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।