Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 1.752 किलोग्राम गांजा और 5.37 ग्राम स्मैक बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त अपराध मुकेश कुमार के निर्देश पर अपराध शाखा की टीमों ने 18 मार्च को अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की। अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर साबिर (30), निवासी सेक्टर-56 फरीदाबाद, को सांई कॉलोनी गांव मवई के पास से 1.752 किलोग्राम गांजा सहित पकड़ा।
वहीं, अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने विपिन (24), निवासी नेहरू कॉलोनी एनआईटी, को एनआईटी नंबर-3 से 5.37 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर 2 दिन के रिमांड पर लिया है, ताकि उनसे आगे की पूछताछ की जा सके।

