Faridabad/Alive News: दीपावली पर्व के मौके पर सूरजकुंड में लगे दीपावली मेले में नगर निगम फरीदाबाद ने स्टॉल नंबर 797 लगाया। इस स्टॉल का उद्घाटन प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फीता काटकर किया। इस दौरान शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल, कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा, मंत्री राजेश नागर, विधायक पं. मूलचंद शर्मा और महापौर प्रवीण जोशी भी मौजूद रहे।
निगम के इस स्टॉल का मकसद लोगों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लिए जागरूक करना है। यहां नागरिकों को “लोकल फॉर वोकल” का संदेश दिया गया और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की गई। साथ ही लोगों को कपड़े, कागज और जूट के थैले इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि फरीदाबाद को प्लास्टिक-मुक्त बनाया जा सके।
स्टॉल पर आने वाले लोगों को 11 हफ्तों से चल रहे स्वच्छता अभियान की जानकारी दी जा रही है। साथ ही गीले और सूखे कचरे को अलग करने के महत्व को समझाया जा रहा है, वृक्षारोपण जैसे अभियानों की जानकारी दी जा रही है और नागरिकों से स्वच्छता की शपथ भी दिलाई जा रही है।
निगम ने लोगों से अपील की है कि वे इस पहल से जुड़ें और “मेरा शहर, मेरी ज़िम्मेदारी” के मंत्र को अपनाते हुए स्वच्छ, हरित और सुंदर फरीदाबाद बनाने में सहयोग करें।
इस मौके पर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा, अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा, जॉइंट कमिश्नर जितेंद्र जोशी, जॉइंट कमिश्नर एशवीर सिंह, एक्सपर्ट कल्पना मंडल और निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

