May 11, 2024

शनिदेव मंदिर को हटाने पहुंचा निगम का तोड़फोड़ दस्ता, बिना कार्यवाही के लौटा

Faridabad/Alive News : एनआइटी-2 स्थित ग्रीन बेल्ट पर बने शनिदेव मंदिर को मंगलवार के दिन भारी पुलिस बल के साथ नगर निगम का तोड़फोड़ दस्ता ध्वस्त करने पहुंचा। नगर निगम के तोड़फोड़ विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो वहां पर पहले से मौजूद स्थानीय लोगों ने विरोध-प्रदर्शन करना शुरू कर दिया, जिसके बाद नगर निगम का दस्ता मंदिर पर बिना कार्यवाही किए वापिस लौट गया।

प्रदर्शनकारी दीपांकर गुप्ता ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि शहर की कई सड़कों के बीचों बीच और ग्रीन बेल्ट पर बने मजार और मस्जिद नही दिखाई दे रहे, परंतु सरकार और जिला प्रशासन को हिंदुओ की आस्था के प्रतिक मंदिर दिखाई दे रहे है।

दीपांकर गुप्ता ने नगर निगम अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मंदिर की एक भी ईंट गिरी तो वह खुद को आग लगाकर अपना दाह संस्कार मंदिर के सामने ही कर लेंगे और उनकी मौत के जिम्मेदार नगर निगम अधिकारी होंगे।

नगर निगम अधिकारियों ने मौके के हालातों को देखते हुए तोडफोड की कार्यवाही को रोकना पड़ा। हालांकि, नगर निगम अधिकारी अवैध रूप से ग्रीन बेल्ट पर बने मंदिर को तोड़ने के लिए 150 पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे थे। नगर निगम तोडफोड दस्ते का नेतृत्व एसडीओ सुमेर सिंह कर रहे थे और ड्यूटी मजिस्ट्रेट नगर निगम के एक्सईएन ओ.पी कर्दम थे। इस दौरान मौके पर निवर्तमान पार्षद मनोज नासवा भी मौजूद रहे।