April 20, 2024

स्मार्ट सिटी को स्वच्छ बनाने की दिशा में निगम अधिकारियों ने शुरू की पहल

Faridabad/Alive News : स्मार्ट सिटी योजना के तहत फरीदाबाद को स्वच्छ बनाने की दिशा में नगर निगम अधिकारियों ने प्रयास शुरू कर दिया है। निगम सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शहर की स्वछता अभियान में आम आदमियों के साथ जिले के सामाजिक संगठनों को भी जोड़ा जाएगा और साथ ही उद्यमी सीएसआर योजना के तहत वार्डों को गोद भी ले सकते हैं।

फिलहाल शहर में घर-घर से कूड़ा उठाने का काम ईकोग्रीन कंपनी के पास है। एकोग्रीन की एक- एक गाड़ियां प्रत्येक वार्ड में कूड़ा उठाने के लिए लगाई गई है,  बावजूद इसके लोग कूड़ा इधर-उधर फेंकते हैं और पूरे शहर को गंदा करते है।  गलियों में सफाई के लिए नगर निगम की ओर से वार्ड में सफाई कर्मचारी भी नियुक्त किये गए हैं। इसके बाद भी लोगों की सफाई को लेकर हमेशा निगम से शिकायत रहती है कि उनके वार्ड में निगम द्वारा सफाई नही करवाई जाती और नाही उनके यहां सफाई कर्मी आते हैं। जिसके कारण गलियों में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे रहते हैं। शहरवासियों की इस लापरवाही से जहां एक तरफ शहर की सुंदरता पर दाग लगता है। वहीं दूसरी तरफ लोगों को परेशानी का भी सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए नगर निगम ने सीएसआर स्कीम के तहत उद्यमियों और समाजसेवियों को आगे आकर सहयोग करने की अपील की है।

बात दें, कि सीएसआर स्कीम के तहत उद्योगों को प्रत्येक माह सामाजिक कार्यों के लिए एक फंड खर्च करना पड़ता है। इस फंड को अब शहर को स्वच्छ बनाने की दिशा में खर्च किया जाएगा। इससे शहर को स्वच्छ फरीदाबाद बनाने में सहायता मिलेगी। निगम का कहना हैं कि इसमें वार्ड के कई लोगों को जोड़ा जाएगा। जिससे सफाई पर नजर रखी जा सके। लोगों को भी पता होगा कि उनके क्षेत्र में कितने सफाई कर्मी हैं। यदि सफाई सही तरीके से नहीं होगी तो वह निगम के व्हाट्सएप ग्रुप में डाल देंगे। इससे निगम को सफाई कर्मचारियों व सफाई व्यवस्था पर नजर रखने में मदद मिलेगी। निगम का मानना है कि बिना लोगों के जुड़ाव से सफाई व्यवस्था को बेहतर नहीं किया जा सकता है।