Faridabad/Alive News: नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने मंगलवार सुबह बड़खल विधानसभा क्षेत्र के वार्ड-12 का निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले सुबह 9:30 बजे दशहरा मैदान स्थित सीवर ट्रीटमेंट प्लांट पहुंचकर वहां की व्यवस्थाएं देखीं। इसके बाद उन्होंने वार्ड के लगभग छह पार्कों का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने सेक्टर-2ई के रामायण पार्क में बने सामुदायिक भवन, रोज गार्डन, सेक्टर-2सी, सेक्टर-2एफ और विद्या मंदिर स्कूल के पास बने पार्कों की सफाई और रखरखाव की स्थिति की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पार्कों की सफाई व्यवस्था में सुधार किया जाए और ज्यादा से ज्यादा पौधे पार्कों के अंदर व सड़कों के किनारे लगाए जाएं।
आयुक्त ने सड़कों पर पड़े सीएंडडी वेस्ट (निर्माण एवं विध्वंस मलबा) को जल्द से जल्द हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी नियमित रूप से अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण करें और जनता की समस्याओं का समाधान मौके पर ही सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्कों में आए नागरिकों से उनकी शिकायतें और सुझाव भी सुने।
इस मौके पर निगम के संयुक्त आयुक्त जितेंद्र जोशी, कार्यकारी अभियंता महेंद्र और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
आयुक्त खड़गटा ने कहा कि निगम प्रशासन का लक्ष्य फरीदाबाद को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाओं से युक्त शहर बनाना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों को पूरी निष्ठा और तेजी से पूरा करें ताकि शहरवासी बेहतर सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
निगम आयुक्त के लगातार वार्डों के निरीक्षण से लोगों में खुशी है। स्थानीय निवासियों ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में फरीदाबाद में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि शहर जल्द ही देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल होगा।

