March 8, 2026

बड़खल विधानसभा में विकास कार्यों पर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने की अहम बैठक

Faridabad/Alive News: नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने वीरवार के दिन बड़खल विधानसभा के पार्षदों के साथ बैठक की। इस बैठक में उन्होंने हर वार्ड की समस्याओं पर चर्चा की और पार्षदों की मांगों को सुना।

उन्होंने आश्वासन दिया कि नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर काम करेंगे ताकि आम लोगों को कोई परेशानी न हो। निगम आयुक्त ने कहा कि सभी वार्डों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ हल किया जाएगा।

बैठक में वार्ड 12, 13, 16, 17, 18, 19, 20, 21, 22 और 23 के पार्षदों ने भाग लिया। निगमायुक्त ने पार्षदों से उनके प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी ली और उनके कार्यों की सूची लिखित रूप से मांगी, ताकि उन्हें सरकार से मंजूरी दिलाई जा सके।

उन्होंने बताया कि कुछ कार्य नगर निगम के सदन में पास होने के बाद शुरू किए जाएंगे। जो विकास कार्य मंजूर होंगे, उन्हें प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाएगा। बैठक में कई पार्षद मौजूद रहे, जिनमें बबीता संदीप भड़ाना, जसवंत सिंह, मनोज नासवा, शोभा रानी, कर्मवीर सिंह, जगत सिंह, लिखी राम, वीरेंद्र भड़ाना और हरेंद्र भड़ाना शामिल थे।