May 6, 2024

corona Update: देश में बीते 24 घंटों में आए 2 लाख 63 हजार नए मामले, 4329 की मौत

New Delhi/Alive News: देश में कोरोना वायरस महामारी के नए मामलों में अब गिरावट दर्ज की जा रही है। देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 2 लाख 63 हजार 533 नए मामले सामने आए हैं। हालांकि कल 4329 लोगों की मौत हो गई। कल चार लाख 22 हजार 436 लोग ठीक हुए हैं। बड़ी बात यह है कि देश में 19 अप्रैल 2021 के बाद इतने कम केस दर्ज हुए हैं। 19 अप्रैल 2021 को देश में दो लाख 59 हजार नए केस दर्ज हुए थे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज 9 राज्यों के 46 जिलों के कलेक्टरों और चंडीगढ़ के प्रशासक से बात करेंगे, इस दौरान उन राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। पीएम मोदी ये संवाद वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये करेंगे। जिलों में कोरोना की क्या स्थिति है और इसकी कैसे रोकथाम हो, इस पर चर्चा होगी। आज संवाद में तमिलनाडु, कर्नाटक, असम, गोवा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, बिहार, एमपी, उत्तराखंड के जिलाधिकारी, चंडीगढ़ के प्रशासक और राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे. बैठक सुबह 11 बजे होगी।

वहीं प्रधानमंत्री मोदी 20 मई को भी देश के 10 राज्यों के 54 जिलाधिकारियों के साथ संवाद करेंगे। बीते दिन देशभर में 50 डॉक्टर्स की मौत हुई है। दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल में तैनात 26 साल के जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर, अनस मुजाहिद ने बीते दिन दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि कोरोना से संक्रमित होने के कुछ ही घंटों में उनकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कोरोना की इस दूसरी लहर में अब तक 244 डॉक्टर्स अपनी जान गवां चुके हैं और इन 244 डॉक्टर्स में अनस सब से कम उम्र वाले डॉक्टर थे।