March 7, 2026

तिगांव रिंग रोड का निर्माण धीमा, ट्रैफिक जाम से हजारों लोग परेशान

Faridabad/Alive News : तिगांव और मंझावली के बीच कनेक्टिविटी के लिए बेहद अहम तिगांव रिंग रोड का निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। दिन में भारी ट्रैफिक के दबाव के चलते काम केवल रात में किया जा रहा है, जिससे रोजाना हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क फिलहाल सिंगल लेन होने के कारण यहां अक्सर लंबा ट्रैफिक जाम लग जाता है।

लोक निर्माण विभाग (PWD) ने दिन में निर्माण कार्य कराने के लिए ट्रैफिक पुलिस से सड़क डायवर्जन की अनुमति मांगी है, लेकिन अभी तक मंजूरी नहीं मिल पाई है। विभाग का कहना है कि अनुमति के लिए रिमाइंडर भी भेजा जा चुका है। यदि मंजूरी मिलती है तो दिन में भी काम शुरू किया जा सकेगा, जिससे परियोजना जल्द पूरी होने की उम्मीद है। वहीं ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि निर्माण के दौरान सड़क पर पर्याप्त पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा, जिससे धूल उड़ रही है।

अब 33 फीट चौड़ा बनेगा रिंग रोड

करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह रिंग रोड स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से मंझावली मोड़ तक लगभग 1.5 किलोमीटर लंबा है, जिसकी हालत पहले ही खराब हो चुकी थी। शुरुआत में इसे 22 फीट चौड़ा बनाने की योजना थी, लेकिन ग्रामीणों ने राज्य मंत्री राजेश नागर से मिलकर चौड़ाई बढ़ाने की मांग की। इसके बाद सड़क को 33 फीट चौड़ा करने का फैसला लिया गया और सीमांकन का काम शुरू कर दिया गया है। चौड़ीकरण के लिए सड़क के दोनों ओर से अतिक्रमण हटाए जाएंगे।

दो दर्जन से अधिक गांवों के लोग तिगांव होकर आवागमन करते हैं। भारी ट्रैफिक को देखते हुए विभाग फिलहाल रात में काम कर रहा है, लेकिन इसमें भी दिक्कतें आ रही हैं। ऐसे में विभागीय अधिकारी एसबीआई ब्रांच के सामने सड़क को पूरी तरह बंद कर निर्माण कार्य कराने की योजना बना रहे हैं।

मंझावली पुल से सीधी कनेक्टिविटी

यह रिंग रोड बल्लभगढ़ से मंझावली पुल तक सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। 3 अक्टूबर को राज्य मंत्री राजेश नागर ने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का उद्घाटन किया था। पूरा रिंग रोड सीमेंटेड होगा। इसके साथ दोनों ओर नालियों का निर्माण और स्ट्रीट लाइट लगाने का भी प्रावधान है। पूरे प्रोजेक्ट पर करीब पांच करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।