Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद के कॉन्फ्रेंस हॉल में बुधवार को “हमारा संविधान – हमारा स्वाभिमान” थीम के साथ संविधान दिवस कार्यक्रम उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नगर निगम के जॉइंट कमिश्नर गजेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
अपने संबोधन में गजेंद्र सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान दुनिया का सबसे विस्तृत और सर्वसमावेशी संविधान है, जो नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों को संतुलित तरीके से समझाता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने काम में संविधान के मूल सिद्धांत न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व का पालन करें।
कार्यक्रम में अधीक्षण अभियंता ओमवीर सिंह, सभी जोन के क्षेत्रीय व कर अधिकारी, सफाई विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में सफाई मित्र मौजूद रहे। सभी ने मिलकर संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) का सामूहिक पाठ किया और राष्ट्र व समाज की सेवा का संकल्प लिया। इस अवसर पर सफाई मित्रों के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की गई और उन्हें शहर की स्वच्छता व्यवस्था में निभाई जा रही उनकी भूमिका के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने संविधान के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सुमन रतरा, पदम सिंह ढांडा, सुखवीर सिंह, बिशन तेवतिया, हरवीर रावत, अजीत रावत सहित कई ब्रांचों के कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

