March 29, 2024

सफाई कर्मचारी यूनियन की मांगों पर सहमति, धरना समाप्त

Faridabad/Alive News : नगर निगम मुख्यालय पर पिछले 7 दिनों से रेशनेलाईजेशन के नाम पर किए गए तबादलों रद्द करने व अन्य मांगों को लेकर निगमायुक्त एवं नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन के बीच हुई वार्ता में सफाई कर्मचारियों के तबादले रद्द करने क्षेत्रफल एवं आबादी के तहत कर्मचारियों की भर्ती करने व 294 रिक्त सफाई कर्मचारियों के पदों को आऊटसोर्सिंग पॉलिसी भर्ती से भरने, हुडा द्वारा निगम को स्थानातंरण किए गए सैक्टरों एवं मार्किटों में लगे ठेकाप्रथा के कर्मचारियों को निगम में समायोजित करने व बल्लभगढ़ व ओल्ड फरीदाबाद नगर निगम में सफाई दरोगा का कार्य कर रहे शिक्षित दारौगाओं को सहायक दरोगा बनाने व अन्य मांगों पर सहमति होने के बाद धरना समाप्त हो गया है।

कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री व सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलवीर सिंह बालगुहेर ने निगम प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निगम प्रशासन ने 15 दिन के अंदर-अंदर मानी गई मांगों की पूरा नहीं किया तो नगर निगम के कर्मचारी दोबारा आन्दोलन पर चले जाएगें। शास्त्री व बालगुहेर ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के धरने को समाप्त किया है, लेकिन हुडा के कर्मचारियों का धरना बादस्तूर जारी रहेगा और जब तक हुडा कर्मचारी निगम में समायोजित नहीं हो जाते तब तक नगर निगम 11 कर्मचारी रोजाना इनके धरने पर बैठेेंगे।

गौरतलब है कि निगम के सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर पिछले सात दिनों से धरने पर बैठे थे और आज भी प्रात: 9 बजे धरनारत कर्मचारी निगम मुख्यालय पर पहुंच गए और धरने पर बैठे पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार इन सफाई कर्मचारियों का आज झाडू प्रदर्शन कर निगमायुक्त का घेराव करना था लेकिन निगम प्रशासन की ओर से सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों को लिखित पत्र देकर वार्ता का निमंत्रण दे दिया था। इस वार्ता में निगम प्रशासन की ओर से आयुक्त सोनल गोयल, संयुक्त-आयुक्त मुकेश सोलंकी, स्वास्थ्य अधिकारी श्याम सिंह, स्थापना अधिकारी विजय कुमार उपस्थित थे तथा यूनियन की ओर से नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री, राज्य सचिव सुनील कुमार चिन्डालिया, जिला सचिव नानकचंद खैरालिया, सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलवीर सिंह बालगुहेर, गुरचरण खाण्डिया, वरिष्ठ उपप्रधान श्रीनंद ढकोलिया, सचिव सोमपाल झिझोटिया, कैशियर सुदेश कुमार, चाचा प्रेमपाल, जितेन्द्र छाबड़ा, कमला, माया, सलोचना, देविन्द्र मंझावली, अनिल भंडारी, रघुबीर चौटाला, महेन्द्र कपूर आदि शामिल थे।

कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए जिला वरिष्ठ उपप्रधान गुरचरण खाण्डिया, जिला सचिव नानकचंद खैरालिया ने नगरपालिका कर्र्मचारी संघ, हरियाणा के आह्वान पर आगामी 8-9 जून को होने वाले झाडू प्रदर्शन व 11 जून को करनाल में होने वाली राज्य स्तरीय आक्रोश रैली में बढ़-चढक़र भाग लेने की कर्मचारियों से अपील की।