March 8, 2026

वोट चोर, गद्दी छोड़ अभियान को लेकर कांग्रेस उतरी सडकों पर

Faridabad/Alive News: महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर आज कांग्रेस ने “वोट चोर, गद्दी छोड़” अभियान की शुरुआत करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का आयोजन ओल्ड फरीदाबाद स्थित अग्रसेन भवन सेक्टर-19 में जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक की अध्यक्षता में किया गया।

इस मौके पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव व हरियाणा प्रभारी जितेन्द्र बघेल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना ने विशेष अतिथि के तौर पर शिरकत की। सभी कांग्रेस नेताओं ने गांधी जी व शास्त्री जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

जिला कांग्रेस की ओर से हस्ताक्षर अभियान का भी शुभारंभ किया गया, जो गांव-गांव और गली-गली चलाकर भाजपा की नीतियों और भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता को जागरूक करेगा।

इस अवसर पर कांग्रेस संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। इनमें सरदार हरजीत सिंह सेवक, डॉ. एस.एल. शर्मा, प्रो. डॉ. एम.पी. सिंह, सेवाराम वर्मा, शगुन चंद जैन, राजेन्द्र चपराना, डॉ. एच.पी. माहौर, डॉ. आर.के. गोयल, डिप्टी पाराशर, सुरेन्द्र शर्मा, सरला भमोत्रा और स. गुरदेव सिंह शामिल रहे।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जितेन्द्र बघेल ने कहा कि भाजपा जात-पात व धर्म की राजनीति कर भाईचारे को तोड़ने और वोट चोरी कर सत्ता हथियाने का काम करती है। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और हरियाणा में भाजपा ने यही खेल रचा। जल्द ही हरियाणा की “चोरी रिपोर्ट” भी जनता के सामने लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि अनुशासनहीनता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संगठन में वही लोग जिम्मेदारी पाएंगे जो पार्टी गतिविधियों में सक्रिय रहते हैं।

पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना ने कहा कि यह समय आपसी मतभेद छोड़कर संगठन को मजबूत करने का है। उन्होंने भूपेन्द्र सिंह हुड्डा से भी संगठन को एकजुट करने के लिए बातचीत करने की बात कही।

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर “वोट चोर, गद्दी छोड़” के नारे लगाए और भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

इस मौके पर जिला सह प्रभारी रोहताश बेदी, पूर्व पार्षद योगेश ढींगड़ा, अनिल शर्मा, वरिष्ठ नेता जगत सिंह नागर, रिंकू चंदीला, विनोद कौशिक, वेदप्रकाश यादव, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता फागना, डॉ. बाबूलाल रवि, संजय सोलंकी, योगेश तंवर, अनुज शर्मा एडवोकेट सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।