Faridabad/Alive News: गांव अनंगपुर में धरने पर बैठे ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विवेक प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा सामाजिक समरसता के ताने-बाने को खत्म करना चाहती है, जिससे लोगों में डर का माहौल है।
उन्होंने बताया कि पहले तो वर्षों पुराने राजकुमार भड़ाना के घर को तोड़ दिया गया और अब उनका बिजली मीटर भी हटा दिया गया, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। इस बारे में उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से भी सवाल किया।
विवेक प्रताप सिंह ने कहा कि अंग्रेजों के समय 1900 में पंजाब लैंड प्रिजर्वेशन एक्ट (पीएलपीए) लागू हुआ था, जिसकी अवधि 30 साल की थी ताकि ग्रामीणों की जमीन पर वन विभाग कब्जा न कर सके। अनंगपुर की 1467 एकड़ जमीन पर यह एक्ट 1992 में लगा था, जो 2022 में खत्म हो चुका है। इसके बाद भी प्रशासन कार्रवाई कर रहा है, जबकि इसका नवीनीकरण करने का कोई प्रावधान नहीं है।
उन्होंने मांग की कि सरकार तोड़फोड़ की कार्रवाई पर रोक लगाए, टूटे मकानों का मुआवजा दे और 25 सौ एकड़ जमीन ग्रामीणों के उपयोग के लिए छोड़े। साथ ही सरकार ऑर्डिनेंस लाकर सुप्रीम कोर्ट से राहत दिलवाए।
इस मौके पर अनंगपुर संघर्ष समिति के अध्यक्ष अतर सिंह, अजयपाल सरपंच, लीले भड़ाना, करमवीर एडवोकेट, ऋषि भड़ाना, दिनेश भड़ाना, योगेश भड़ाना, पदम भड़ाना, सुशील भड़ाना, जयभगवान, भगवत बल्ली पहलवान, वेदप्रकाश सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

