March 7, 2026

मनरेगा को कमजोर करने के विरोध में कांग्रेस का जनजागरण अभियान

Faridabad/Alive News: भाजपा की केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा का नाम बदलने और कांग्रेस सरकार द्वारा बनाई गई योजना को कमजोर किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने मंगलवार को अपनी टीम के साथ पृथला व तिगांव विधानसभा क्षेत्रों के पांच गांव जुन्हेड़ा, कौराली, घरोड़ा, मंधावली और बदरौला का दौरा कर लोगों को जागरूक किया।

बलजीत कौशिक ने कहा कि मनरेगा कांग्रेस की देन है, जिसे वर्ष 2006 में लागू कर मजदूरों को 100 दिन का गारंटी रोजगार दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मनरेगा को योजनाबद्ध तरीके से कमजोर कर रही है और अब केवल सरकार समर्थित लोगों को ही काम मिलने की आशंका है, जो गरीब मजदूरों के साथ अन्याय है।

उन्होंने कहा कि पहले मनरेगा पूरी तरह मांग आधारित कानून था, लेकिन अब केंद्र सरकार राज्यों के लिए काम के दिन तय कर रही है, जिससे रोजगार की गारंटी प्रभावित हो रही है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि मनरेगा को कमजोर करने वाले फैसले वापस नहीं लिए गए तो सड़कों से लेकर संसद तक आंदोलन जारी रहेगा।

इस दौरान ग्रामीणों ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष व उनकी टीम का पगड़ी बांधकर स्वागत किया और कांग्रेस के समर्थन का भरोसा दिलाया। मौके पर विनोद कौशिक, देवेंद्र दीक्षित, पूर्व पार्षद अनिल शर्मा सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।