May 18, 2024

कांग्रेस ने दामाद, डीलर और दरबारियों का किया विकास : अमित शाह

Faridabad/Alive News: वीरवार को केंद्रीय गृहमंत्री हरियाणा राज्य के फरीदाबाद जिले में पहुंचे और करीब 6600 करोड़ रुपए की 4 योजनाओं की सौगात फरीदाबाद वासियों को दी। इसके बाद उन्होंने जन उत्थान रैली को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए सिर्फ दामाद, डीलर और दरबारियों का विकास किया। हरियाणा का नहीं। उन्होंने कहा कि अभी तक राज्य में जितने भी मुख्यमंत्री हुए, वह सिरसा व रोहतक जिलों के मुख्यमंत्री थे। उनका इशारा चौटाला परिवार और हुड्डा की ओर था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के रूप में हरियाणा को आजादी के बाद ऐसा पहला मुख्यमंत्री मिला, जो पूरे हरियाणा का मुख्यमंत्री है।

इसके अलावा अमित शाह ने रैली के दौरान कहा कि मनोहर लाल जब करनाल से चुनाव जीते, तब वह मुझसे मिलने आए, मैंने उनसे पूछा कि किसको मुख्यमंत्री बनाना चाहिए, तब मनोहर लाल ने मुझे पंद्रह लोगों के नाम गिनवा दिए। उसमें उन्होंने अपना नाम नहीं लिया। आज वही मनोहर लाल हरियाणा में आठ साल से भाजपा का राज चला रहे हैं।

अमित शाह ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की कड़ी में हरियाणा के सोनीपत जिले में वंदे भारत रेलगाड़ी बनने वाली है, यह हरियाणा के लोगों के लिए गर्व की बात है। इसे लोगों को रोजगार के अवसर हासिल होंगे। भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकार ने थ्रीडी सरकार दिखाई। दरबारी, दामाद व डीलर की हुड्डा सरकार थी। इसकी जगह विकास करने वाली भाजपा सरकार बनी।

हमारी सरकार ने भाई भतीजावाद को खत्म किया है, क्षेत्रवाद खत्म किया है, भ्रष्टाचार खत्म किया है, भेदभाव खत्म किया है, प्रधानमंत्री मोदी की योजनाओं को गरीब लोगों तक पहुंचाया गया है।