April 30, 2024

गीता जयंती के अवसर पर बाल भवन में किया गया प्रतियोगिताओं का आयोजन

Faridabad/Alive News : पूरा भारतवर्ष आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर आजादी का अमृत महोत्सव 2021 का आयोजन कर रहा है। वहीं हरियाणा में गीता जयंती महोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है। हरियाणा के कुरुक्षेत्र की धरती से ही श्री कृष्ण भगवान ने महाभारत के युद्ध के दौरान अर्जुन का मार्गदर्शक बनकर गीता का उपदेश दिया था। इसी मौके को खास बनाने के लिए गीता जयंती महोत्सव के दूसरे दिन हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की जिला शाखा बाल भवन में बड़ी धूमधाम से मनाया गया।

महोत्सव का शुभारंभ हवन यज्ञ द्वारा किया गया जिसका आयोजन मंझावली गुरुकुल के आचार्य जय कुमार व गुरुकुल के विद्यार्थियों के सानिध्य में किया गया। जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव 2021 के मौके पर बाल भवन में बच्चों के ज्ञान, बुध्दि और विवेक को बढ़ावा देने के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, श्लोक उच्चारण प्रतियोगिता, निबंध लेखन, भाषण, पोस्टर व रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर जिला बाल कल्याण अधिकारी कमलेश शास्त्री ने अपने संबोधन में कहा कि गीता ना केवल एक ग्रंथ या पुस्तक नहीं बल्कि असल मायनों में संपूर्ण जीवन का सार है। भागवत गीता के श्रवण मात्र से ही मनुष्य अपने जीवन को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जा सकता है।

इस अवसर पर मंझावली गुरुकुल से आचार्य सुमित शास्त्री, सोमदत्त शास्त्री, शिक्षा विभाग से निर्णायक मण्डल के रूप में भूमिका अदा कर रहे। अध्यापक अगम तनेजा, गायत्री शर्मा, भाजपा से जिला सेवा प्रकोष्ठ से जिला संयोजक आशा भारद्वाज, बीडी कौशिक, बाल भवन का समस्त स्टाफ व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।