March 19, 2026

नवरात्र पर्व का आगाज: ज्योति प्रज्वलित कर मां का लिया आशीर्वाद

Faridabad/Alive News: शहर के पांच-ए ब्लॉक स्थित श्री हरि मंदिर में चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का विशेष वातावरण देखने को मिला। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नवरात्रि का शुभारंभ विधि-विधान के साथ किया गया।

इस अवसर पर शहर के वरिष्ठ नागरिक एवं वरिष्ठ पत्रकार अमरनाथ बागी ने मंदिर परिसर में मां दुर्गा के समक्ष ज्योति प्रज्वलित कर उत्सव का शुभारंभ किया। जैसे ही पूजा-अर्चना शुरू हुई, मंदिर परिसर “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे विधि-विधान के साथ मां की पूजा कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मंदिर के प्रमुख पदाधिकारियों में तिलक राज आहुजा, संजय सेतिया, हरीश शर्मा और हनी कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे। सभी ने धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

मंदिर प्रबंधन के अनुसार, श्री हरि मंदिर में वर्षभर विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इन आयोजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं की आस्था और जुड़ाव निरंतर सुदृढ़ हो रहा है, जिससे मंदिर क्षेत्र का प्रमुख आस्था केंद्र बनता जा रहा है।