April 26, 2024

कोल्डवॉरः पवन सिंह और खेसारी लाल यादव की लड़ाई में अब आम्रपाली दुबे की एंट्री

New Delhi/Alive News: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के दो मशहूर एक्टर पवन सिंह और खेसारी लाल यादव के बीच जारी थमने का नाम नहीं ले रहा है। दोनों के बीच जारी जुबानी जंग में अक्षरा सिंह और दिनेश लाल यादव के बाद अब एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। भोजपुरी इंडस्ट्री की इस मशहूर अदाकारा ने इस विवाद पर दोनों कलाकारों का पक्ष रखा।

जानकारी के मुताबिक दोनों स्टार्स की लड़ाई पर अपना पक्ष रखते हुए आम्रपाली ने कहा कि लाइव आकर इस तरह कभी भी नहीं बोलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सबका अपना नजरिया होता है। मैं किसी को जज नहीं कर रही, लेकिन हर इंसान को अपनी निजी जिंदगी और प्रोफेशनल लाइफ को अलग रखना चाहिए। 

उन्होंने आगे कहा कि अपने पसंदीदा कलाकार को इस तरह टूटा देखकर फैंस भी निराश होते हैं। मैं भी खुद कभी इस तरह लाइव आकर चीजों को सामने नहीं लाऊंगी। मैं हमेशा यही कोशिश करूंगी कि लाइव आकर मैं अपनी जिंदगी कभी शेयर ना करूं। इस सारे विवाद को पब्लिसिटी स्टंट बताने वाले सवाल पर भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली ने कहा मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता है।

मैं खुद को विवादों से हमेशा दूर रखती हूं। इस विवाद की वजह के बारे में कुछ पता नहीं है। मैं तो बस इतना मानती हूं कि यह जो भी जुबानी जंग है इसे जल्दी से जल्दी ठीक हो जाना चाहिए। एक्ट्रेस ने कहा कि हमारी भोजपुरी इंडस्ट्री एक परिवार के समान है। एक दिन सब एक साथ आकर डाइनिंग टेबल पर साथ एन्जॉय करते दिखाई देंगे।